भ्रष्टाचार से निपटने में महिलाओं की भूमिका अहम
==========================
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक दिवसीय छात्रा प्रशिक्षण वर्ग में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रशिक्षण में इस बात पर जोर दिया गया कि भ्रष्टाचार और भ्रूणहत्या जैसी समस्याओं से निपटने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा।
प्रशिक्षण की मुख्य अतिथि मीना बिष्ट ने महिला सशक्तिकरण पर चर्चा करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता की जरूरत है। उन्होंने कहा स्त्री शक्ति के कमजोर पड़ने से समाज का पतन तय है। प्रत्येक छात्रा को पढ़ाई के साथ ही अपने भविष्य की चिंता करने की आवश्यकता है।
मुख्य वक्ता प्रदेश छात्रा प्रमुख रीना रावत ने संगठनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन समाज में रचनात्मक को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करता है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, अशिक्षा, कन्या भ्रूण हत्या जैसी समस्याओं से निपटने के लिए महिलाओं को आगे आने की जरूरत है। छात्रा प्रमुख तारा ने सामाजिक समस्याओं से निपटने के लिए छात्राओं से मजबूत बनने का आह्वान किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ.विभा मल ने की।
प्रशिक्षण में छात्रा प्रमुख शिवानी बिष्ट, सह जिला छात्रा प्रमुख योगिता बिष्ट, पूजा बिष्ट, पूनम साही, तनूजा रावत, श्रुति मनराल आदि ने विचार रखे। संचालन शिवानी बिष्ट और करूणा मनराल ने किया।
Source Jagran