अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे द्वारा प्रभावी लोकपाल बिल लाने की मांग को लेकर मंगलवार से दिल्ली में प्रस्तावित आमरण अनशन से पूर्व गिरफ्तारी के विरोध में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और धरना दिया।
मंगलवार को तीर्थनगरी में विभिन्न संस्थाओं से जुड़े कार्यकर्ता अन्ना हजारे की गिरफ्तारी के विरोध में सड़काें पर उतर आए। उन्होंने केंद्र और दिल्ली सरकार के इस कृत्य की भर्त्सना की। वंदेमातरम् संस्था के बैनर तले लोगों ने त्रिवेणीघाट स्थित गांधी स्तम्भ पर नारेबाजी के साथ जोरदार प्रदर्शन किया।
संस्था संयोजक राजेंद्र सेठी, प्रेम गौनियाल, चेतन शर्मा, सीएस शर्मा, स्नेहलता शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, राहुल मनमीत, सरोज डिमरी आदि ने अन्ना हजारे की गिरफ्तारी की निंदा की।
हिंदू जागरण मंच कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सत्यवीर तोमर, महामंत्री विवेक गोस्वामी और नगर अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में अन्ना हजारे के समर्थन में जुलूस निकाला और हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर जाम लगाया। मंच ने कहा कि केंद्र सरकार की मनमानी का हरसंभव विरोध किया जाएगा। उधर, मुनिकीरेती क्षेत्र में विभिन्न संगठनों से जुड़े नागरिकों ने जनजागरण अभियान के तहत शीशमझाड़ी, कैलासगेट, चौदहबीघा क्षेत्र में रैली निकाली। उन्होंने कहा कि कोई सरकार देश के किसी भी नागरिक को उसके संवैधानिक अधिकारों से वंचित नहीं कर सकती।
मौके पर राज्यमंत्री ज्ञान सिंह नेगी, कार्यक्रम संयोजक दिनेश कोटियाल, संजय बडोला, भूपेंद्र नौटियाल, शिवमूर्ति, गणेश जोशी आदि शामिल थे। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं से जुड़े नागरिकों ने अन्ना के समर्थन में ढालवाला और मुनिकीरेती क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को भ्रष्टाचार के विरोध में लामबंद होने का आह्वान किया।
बरसात की नहीं की परवाह
ऋषिकेश। भ्रष्टाचार विरोधियों और अन्ना समर्थकों ने नगर में लगातार जारी रिमझिम बरसात की परवाह किए बिना भीगते हुए सड़काें पर जुलूस निकाला। उन्होंने अन्ना को भ्रष्टाचार से त्रस्त देश के जनमानस की आवाज बताया। कहा कि इस आवाज को देश की कोई सरकार नहीं दबा सकती। आरोप है कि भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा देने वाली केंद्र सरकार भ्रष्टाचार के विरोध में आवाज बुलंद करने वाले लोगाें को गिरफ्तार कर और जेलों में बंद कर प्रताडि़त कर रही है। कहा कि उसके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।