जैंती में लगेगा 9 अक्टूबर को बहुउद्देशीय तहसील दिवस
अल्मोड़ा। सर्वोदय राजकीय इंटर कालेज जैंती में 9 अक्टूबर को बहुउद्देशीय तहसील दिवस लगाया जायेगा। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी निधिमणि त्रिपाठी ने बताया कि इस मौके पर वृद्धावस्था, विधवा व विकलांगता पेंशन के मामलों का निस्तारण किया जायेगा।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाये जायेंगे। स्टालों में संबंधित विभाग की उपलब्धियां तथा ग्रामीणों के लिए बहुउपयोगी विषयों को भी प्रदर्शित किया जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया बहुउद्देशीय शिविर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण द्वारा विकलांगता के प्रमाण पत्र स्वास्थ्य परीक्षण के बाद वितरित किये जायेंगे। इस मौके पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जायेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बहुउद्देशीय तहसील दिवस में समाज कल्याण विभाग द्वारा विकलांगता पेंशन, भरण-पोषण, जनश्री बीमा योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ, कन्या धन जैसी विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जायेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि दुग्ध संघ, शिक्षा विभाग, बाल विकास, मत्स्य, पेयजल, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, वन, सेवायोजन विभाग अपने-अपने स्टाल लगाकर तहसील दिवस में आये लोगों को भरपूर जानकारी देंगे।
[Sunday, October 07, 2007 2:16:47 AM (IST) ]