उत्तराखण्ड में देवताओं की स्तुति में रात-दिन जगकर गाए जाने वाले गीत को जागर कहते हैं।
इसमें जागरिया (ढोली) देवताओं की स्तुति करता है, उनकी वीरगाथा का वर्णन करता है फिर देवता किसी के शरीर में आकर अपने आशीर्वचन देते हैं.
नन्दा देवी की जागर का वर्णन
भाद्र के शुक्लपक्ष के प्रथम दिन से ही नन्दा के जागर लगने आरम्भ हो जाते हैं। ये जागर नन्दा के मन्दिरों या घर के किसी कमरे (कक्ष) में लगते हैं। जागर गाने वाले को जागरी कहा जाता है। जागरी नन्दादेवी के विषय में विभिन्न गीत गाते रहता है। गीतों में लगभग सभी नौ रसों का अद्भुत प्रयोग देखा जा सकता है। ये जागरे सप्तमी तक लगातार बिना रुकावट के चलती रहती है। इन जागरों को 'मित्तलीपाती' भी कहते हैं। इन जागरों में विशेष रुप से करुणा, आदर और वात्सल्य रसों का अनुपम सामंजस्य रहता है। अष्टमी के दिन 'नन्दाष्टमी' का मेला लगता है। नवमी के दिन नन्दापाती का पूजन किया जाता है जिसे छोटी नन्दाजात भी कहा जाता है। इस दिन नन्दा के प्रतीक के रुप में चीड़ का वृक्ष आंगन में गाढ़ा जाता है और उसे सुन्दर वस्रों से सजाया जाता है। उस पर प्रसाद स्वरुप ककड़ी, मक्का, चबेना इत्यादि बांधा जाता है। फिर जागर के साथ-साथ ढ़ोल दमाऊ पर नृत्य भी होता है जिसे नन्दा का पति माना गया है। संध्या के समय प्रसाद बाँटा जाता है। प्रसाद को एक तरह से छीन झपट कर लूटा जाता है। दरअसल दो दल बन जाते हैं जो नन्दादेवी के मायके वालों और शिव के गणों का प्रतिनिधित्व करते हैं।