झोड़ा-चाचरी के सुरों से गुंजायमान हुई डीडीहाट नगरी
=====================================
डीडीहाट: नंदा देवी महोत्सव के रंग में डूबी डीडीहाट नगरी में पारम्परिक झोड़े और चांचरी की धूम मची हुई है। पारम्परिक वेशभूषा में गोल घेरे में गायी जा रही चांचरी से क्षेत्र की पुरातन संस्कृति के दर्शन हो रहे हैं। मंगलवार को कार्यक्रमों का उद्घाटन करते हुए सिने अभिनेता संजय मिश्रा ने कहा कि डीडीहाट क्षेत्र विपुल सांस्कृतिक धरोहरों का क्षेत्र है। इस संस्कृति को बचाये रखना जरूरी है। उन्होंने नंदा देवी महोत्सव को अनूठा आयोजन बताया।
डीवाईसी और जोहार सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के तीसरे दिन आयोजन स्थल रामलीला मैदान में सीमान्त की समूची संस्कृति उतर आयी। उद्घाटन समारोह के बाद यहां झोड़ा और चाचरी गायी गयी। मालूम हो कि यहां गायी जाने वाली चांचरी और झोड़ों में जहां उल्लास का समावेश रहता है वहीं इसमें स्थानीय पारम्परिक लोक जीवन भी सन्निहित रहता है। इस कारण झोड़ा और चांचरी सीरा क्षेत्र की विशेष पहचान हैं। महिलाओं और पुरुषों द्वारा गायी गयी झोड़ा और चांचरी से मलयनाथ देवता का आंगन गुंजायमान रहा। इस मौके पर प्रदर्शित शिव नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहा। दर्शकों ने भी इसका खूब आनंद उठाया। झोड़ा और चाचरी में भनड़ा, भैंस्यूड़ी, अटलगांव, हाट, जौरासी, बजानी के ग्रामीणों सहित जोहार सांस्कृतिक समिति, मिर्थी, मलयनाथ सुर संगम के कलाकार और जीआईसी, जीजीआईसी, वेदा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अलावा सीरा क्षेत्र का प्रसिद्ध ठूलखेल गाया गया। इसमें क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में ठूलखेल का विशेष महत्व है। इस खेल में जहां पौराणिक गाथाएं गायी जाती हैं वहीं स्थानीय लोक जीवन का भी वर्णन किया जाता है।
इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन सिने अभिनेता संजय मिश्रा, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चंद्रकला कन्याल और उक्रांद नेता जोध सिंह बोरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम हुए। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी, पुष्पा देवी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दमयंती पांगती, युमंद अध्यक्ष मनोज साह, भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम भाटिया, द्रोपदी कफलिया, धन सिंह कफलिया, लोकेश भड़, कवीन्द्र साही, अजीत डसीला, ओपी वर्मा, प्रकाश बोरा, कैलाश चुफाल, प्रभात जोशी, गणेश टोलिया, धाम सिंह, योगेश सिंह, रघुनाथ सिंह चौहान, पूरन लाल वर्मा आदि मौजूद थे।
http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_6722931.html