पिथौरागढ़: जिले भर में गुरुवार को आंठू पर्व की धूम मची रही। गौरा- महेश की पूजा अर्चना के साथ खेल आयोजित किये गये।
जिले में आंठू पर्व का आयोजन बुधवार से शुरू हुआ। पहले रोज गौरा-महेश की प्रतिमायें बनाई गयीं। विधि-विधान से इन प्रतिमाओं की पूजा अर्चना की गयी। महिलाओं ने सुहाग की रक्षा के लिए व्रत धारण किये। गुरुवार को महिलाओं ने दुर्वाष्टमी के व्रत रखे। आज ही गौरा-महेश का विवाह भी सम्पन्न कराया गया। नगर सहित आसपास के गांव कुमौड़, खड़कोट, दौला, लिन्ठयुड़ा, चैंसर आदि गांवों में गुरुवार को दिन भर आंठू पर्व के कार्यक्रम चलते रहे। गावों में खेल लगाये गये। जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कई गांवों में आंठू पर्व का गुरुवार को समापन हो गया। जबकि कुछ गांवों में सप्ताह भर तक आंठू पर्व के आयोजन चलते रहेगे। पर्व की समाप्ति पर गौरा महेश की प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। उल्लेखनीय है कि पिथौरागढ़ जिले में आंठू पर्व विशेष धूमधाम से मनाया जाता है।