Uttarakhand > Music of Uttarakhand - उत्तराखण्ड का लोक संगीत

Chholiya Dance - छोलिया नृत्य: युद्ध का प्रतीक नृत्य

(1/23) > >>

पंकज सिंह महर:
साथियो,
      आप सभी अवगत हैं को छोलिया नृत्य हमारे लोक नृत्यों में सबसे लोकाप्रिय नृत्य है। यह नृत्य युद्ध के प्रतीक के रुप में ही प्रयोग किया जाता है,  इस टोपिक के अन्तर्गत हम इसके संबंध में चर्चा करेंगे।




पंकज सिंह महर:
छोलिया नृत्य मूल में युद्ध का नृत्य है, इस नृत्य का समाज में प्रचलन विद्वानों के अनुसार अनुमानतः १० वीं सदी के आस-पास का माना जाता है। यह नृत्य युद्धभूमि में लड़ रहे शूरवीरों की वीरता के मिश्रित छल का नृत्य है। छल से युद्ध भूमि में दुश्मन को कैसे परास्त किया जा सकता है, यही इस नृत्य का मुख्य लक्ष्य है। इसी कारण इसे छल नृत्य, छलिया नृत्य और हिन्दी में छोलिया नृत्य कहा जाता है।

       प्रश्न यह भी उठता है कि यह नृत्य युद्ध भूमि से समाज में कैसे आया? पूर्व काल में यह सर्वविदित ही है कि युद्ध वर्तमान के आयुधों की तरह नहीं, बल्कि आमने सामने दो राजाओं की सेना के बीच ढाल-तलवार, भाले, बरछे, कटार आदि से लड़े जाते थे। पूर्व में पर्वतीय क्षेत्र भी इस तरह के युद्धों से अछूता नहीं रहा। अगर हम अपनी विभिन्न प्रचलित तोक गाथाओं को देखें तो कहीं-कहीं पर मल्लों, पैकों के बीच मल्ल युद्ध भी होता था। जिस राजा के मल्ल जीत जाते, उसी राजा को जीता हुआ मान लिया जाता था। इस तरह के युद्ध मांडलिक राजाओं के बीच अपने राज्यों के विस्तार और अहंतुष्टि के लिये भी किये जाते थे।

   

हलिया:
बात ज्यादा पुरानी नहीं ठैरी कुछ ही दिन पहले तक यह होता था कि जब शादी की बात पक्की होती थी तो यह भी तय किया जाता था कि बारात में छलिया आयेंगे या नही.  छलिया वाली बारात को अधिक सम्मान जनक माना जाता था.  रस्ते में भी लोग बाग़ (खास कर स्त्रियाँ और बच्चे) अपना काम काज छोड़ कर बारात देखने आ जाने वाले ठैरे. कालांतर में "वन डे" बारात का प्रचलन शुरू हो गया जिसमें छलिया का स्थान "बेंड बाजे" ने ले लिया.

पंकज सिंह महर:
मेरे विचार में इस युद्ध नृत्य का वर्तमान स्वरुप युद्ध भूमि से सर्वप्रथम सीधे राज महलों में प्रतीक युद्ध नृत्य (dumy battle dance)  के रुप में आया। अकसर जब कोई राजा युद्ध जीत लेता था तो कई दिनों तक राजमहल में विजय समारोह मनाया जाता था। वीरों को पुरुस्कृत करने के साथ ही उनके युद्ध-कौशल और ढाल-तलवार नचाने की निपुणता का महीनों तक बखान होता रहता था। यह बखान बहुत ही अतिशयोक्तिपूर्ण ढंग से किया जाता था और यह काम राज दरबार के चारण {भाट} किया करते थे। भाटों द्वारा युद्ध वर्णन सुनकर राज दरबार में श्रोताओं के रोंगटे खड़े हो जाते थे।
       कहा जाता है कि एक बार किसी विजयी राजा के दरबार में इस तरह के युद्ध वर्णन को सुनकर रानियां अभिभूत हो गईं और उन्होंने भी उस युद्ध में वीरों द्वारा दिखाई गई वीरता को प्रतीक रुप में अपनी आंखों के सामने देखना चाहा। तो राजा के आदेश पर उसके वीर सैनिकों ने स्वयं ही आपस में दो विरोधी दल बनाकर और युद्ध की भेष-भूसा पहनकर ढाल-तलवारों से युद्ध के मैदान की ही तरह प्रतीकात्मक युद्ध नृत्य करने लगे। ढोल-दमाऊं, नगाड़े, नरसिंगा आदि युद्ध के वाद्य बजने लगे और वीरों द्वारा युद्ध की सारी कलाओं का प्रदर्शन किया जाने लगा। उन्होंने इस विजय युद्ध में अपने दुश्मन को वीरता और छल से कैसे परास्त किया, इसका सजीव वर्णन उन्होने राज दरबार में किया।

पंकज सिंह महर:
       राजमहल में प्रतीक रुप में किया गया यह युद्ध सभी रानियों , राजा और दरबारियों को बड़ा ही पसन्द आया। अतः समय-समय पर इस प्रतीक छलिया नृत्य का आयोजन राज दरबार में होने लगा। अति आकर्षक नृत्य, विविध ढंग से कलात्मक रुप से ढोल वादन, ढाल-तलवार द्वारा वीरों का युद्ध नृत्य समाज में अति लोकप्रिय हो गया। अपने अलौकिक आकर्षन के कारण यह नृत्य दसवीं सदी से आज तक निरंतर समाज में चलते आया है। समय के साथ-साथ इसके स्वरुप में भी थोड़ा परिवर्तन आ गया है।
      राज शाही खत्म होने के बाद यह आम लोगों में यह नृत्य के रुप में लोकप्रिय हुआ और उस समय के संस्कृति कर्मियों ने इस अमूल्य धरोहर को संजोने के लिये इसे विवाह एवं शुभ अवसरों पर किये जाने की अनिवार्यता बना दी। लेकिन दुर्भाग्य यह है कि दसवीं सदी से निरंतर चला आ रहा हमारी समृद्ध संस्कृति का परिचायक लोक नृत्य आज व्यवसायिकता और आधुनिकता की अंधी दौड़ में कहीं खोता चला जा रहा है।

Navigation

[0] Message Index

[#] Next page

Sitemap 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 
Go to full version