आज बंद रहेंगे पब्लिक स्कूल
कपकोट के सुमगढ़ (बागेश्वर) में बादल फटने से 18 बच्चों की अकाल मृत्यु पर शिक्षक जगत ने गहरा दुख जताया है। शहर के विभिन्न पब्लिक स्कूलों के संचालकों व प्रबंधकों ने दो मिनट का मौन रख मासूमों की आत्मिक शांति को प्रार्थना की। तय हुआ कि शनिवार को शहर के सभी पब्लिक स्कूल शोक में बंद रखे जायेंगे। इंस्पिरेशन स्कूल में शनिवार को पब्लिक स्कूल एसोएिशन की सभा में कपकोट के सुमगढ़ गांव में बादल फटने से 18 बच्चों निधन पर दु:ख व्यक्त किया गया। अध्यक्षता कर रहे एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशी ने कहा कि आज शनिवार को शहर के सभी पब्लिक स्कूल बंद रहेंगे। इस मौके पर एसोसिएशन सचिव कैलाश भगत, दीपक बल्यूटिया, फादर जूलियन पिंटो, प्रवीन्द्र रौतेला, अनिल जोशी, गोपाल बिष्ट, समित टिक्कू, आरपी सिंह आदि उपस्थित थे। इधर, कुमाऊं सभा चंडीगढ़ ने भी सुमगढ़ हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। सभा के अध्यक्ष बच्चन सिंह नगरकोटी ने कहा कि सरकार को आपदा प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाना चाहिये। भाजपा गौ संवर्धन प्रकोष्ठ के पदाधिकारियोंने कपकोट के सुमगढ़ घटना पर शोक व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर जिला संयोजक नवीन पंत, नगर संयोजक दिशांत टंडन, संजय कर्नाटक, चंदन सिंह नेगी, विशाल भारती, आशु पांडे, प्रशांत वर्मा, नवीन पांडे, चंद्रशेखर तिवारी, महेंद्र डोभाल, योगेश जोशी, मनू टंडन, प्रतीक खंडेलवाल, कैलाश भारती आदि उपस्थित थे।