पुलिस ने नाबालिग की शादी रुकवाई
जागरण प्रतिनिधि, गोपेश्वर: दुल्हन के नाबालिग होने की शिकायत पर पुलिस ने बरात रुकवा दी। साथ ही घराती और बरातियों को थाने ले गई। हालांकि, अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। बालिग होने का प्रमाण उपलब्ध न कराए जाने पर शनिवार को दुल्हन का मेडिकल कराया जाएगा। एसपी पी रेणुका देवी ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
चमोली थाना क्षेत्र के ग्राम बालखिला में यह वाकया हुआ। यहां शोभाराम के घर पर बेटी रीना की शादी की रस्म पूरी हो रही थी। ग्राम फतेहपुर जिला बागपत उत्तर प्रदेश के सुभाष चंद्र पुत्र खुशीराम बरात लेकर वहां पहुंचे थे। इस बीच, पुलिस को दुल्हन के नाबालिग होने की शिकायत मिली। इस पर एसओजी टीम ने विवाह स्थल पर पहुंचकर शादी रुकवा दी। पुलिस को देखकर बराती भाग खड़े हुए।
दूल्हे और दुल्हन के साथ ही दोनों के परिजनों को पुलिस चमोली थाने ले आई। पुलिस ने दुल्हन पक्ष से बालिग होने के प्रमाण मांगे, लेकिन वे कोई भी ऐसा दस्तावेज नहीं दिखा पाए। अब पुलिस उसकी उम्र का पता लगाने के लिए शनिवार को जिला चिकित्सालय में मेडिकल कराएगी।
पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी का कहना है कि नाबालिग की शादी की शिकायत पुलिस ने यह कार्रवाई की। अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। उम्र का सही पता चलने के बाद कदम उठाया जाएगा।