स्वतंत्रता सेनानी कंसल की राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि============================================
नैनीताल: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व नैनीताल आर्य समाज के संस्थापक रहे बांके लाल कंसल की शुक्रवार को पाइंस श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। इसमें सैकड़ों लोगों ने शिरकत कर उन्हें अंतिम विदाई दी। स्वतंत्रता सेनानी के निधन पर नगर पालिका में शोक सभा के बाद अवकाश घोषित कर दिया गया।
स्वतंत्रता सेनानी कंसल का गुरुवार देर रात निधन हो गया था। शुक्रवार को उनके निधन की खबर मिलते ही मल्लीताल स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। जिला प्रशासन की ओर एडीएम ललित मोहन रयाल ने स्व. कंसल के पुत्र सुबोध कंसल को अंत्येष्टि के लिए 5 हजार की धनराशि व तिरंगा प्रदान किया।
पूर्वाह्न 11.15 उनकी शवयात्रा शुरू हुई। शवयात्रा मल्लीताल बाजार से माल रोड होते हुए तल्लीताल पहुंची। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को वाहन से पाइंस श्मशान घाट ले जाया गया। जहां सीओ अरुणा भारती व मल्लीताल कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र धौनी के नेतृत्व में पुलिस टुकड़ी ने उन्हे सलामी दी। उनका अंतिम संस्कार वैदिक रीति-रिवाजों से किया गया। स्व. कंसल के पुत्रों सुबोध कंसल व अशोक कंसल ने मुखाग्नि दी।
विधायक खड़क सिंह बोहरा, मंडलायुक्त कुणाल शर्मा, वीसी प्रो. वीपीएस अरोड़ा, पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी, पूर्व विधायक डा. नारायण सिंह जंतवाल, आर्य समाज के मंत्री माधवानंद मैनाली, उक्रांद महामंत्री प्रकाश पांडे, भाजपा नेता दिनेश आर्य, प्रमोद बिष्ट, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष हरिशंकर कंसल, राजीव लोचन साह, नैनीताल बैंक के चेयरमैन अनिमेष चौहान, कूर्माचल बैंक सचिव मनोज साह, एईडी डा. डीके मथेला, तिब्बती नेता पेमा सिथर, श्रीराम सेवक सभा पूर्व अध्यक्ष गिरीश जोशी, उपसचिव जगदीश बवाड़ी, मल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, डीएसए महासचिव गंगा प्रसाद साह, कांग्रेस नेता गोपाल बिष्ट, मंडी समिति हल्द्वानी के पूर्व सभापति संजीव आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन हर्बोला, अल्मोड़ा सीडीओ डीएस गब्र्याल आदि ने स्व. कंसल को श्रद्धांजलि दी।
Dainik jagran news