देहरादून में बनेगा शहीद स्मारक और कीर्ति स्तंभ
=================================
देहरादून। राज्यसभा सांसद तरुण विजय ने 10 करोड़ की सांसद निधि से देहरादून में कीर्ति स्तंभ और शहीद स्मारक बनवाने की घोषणा की है। इसमें से दो करोड़ रुपये जिला प्रशासन को देने की स्वीकृति भी उन्होंने दे दी है।
सांसद ने देहरादून में साहित्यकारों के लिए कला मुक्तांगन बनाने का ऐलान भी किया।
भाजपा मुख्यालय में प्रेस से मुखातिब तरुण विजय ने कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर संगठन का आभार जताया।
उनके अनुसार शहीद स्मारक और कीर्ति स्तंभ को सर्वश्रेष्ठ और अनूठा बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। यह कार्य प्रदेश का संस्कृ ति विभाग करेगा। भूमि राज्यसरकार देगी। वे खुद आज इस मामले में राज्यपाल बीएल जोशी से मिले। राज्यपाल ने भी इस योजना का समर्थन किया है।
परियोजना में राज्यपाल ने संरक्षक बनना भी स्वीकार किया है। सांसद निधि से इसके लिए 10 करोड़ मिलेंगे। पूरी योजना में करीब आठ करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। शेष दो करोड़ फंड में रहेगा।
इसका निर्माण तीन खंडों में होगा। पहला भाग युद्ध स्मारक, दूसरे भाग में शहीद के माता-पिता, गांव घर आदि का भी पूरा परिचय और तीसरे भाग में विजुअल्स होंगे। प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों का परिचय भी इसमें दिया जाएगा।
सांसद के मुताबिक इस योजना की देखरेख को समिति का गठन किया जा रहा है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी, टिहरी सांसद विजय बहुगुणा और खुद वह भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से भी वे इस योजना के संदर्भ में बात कर चुके हैं।
तरुण विजय ने करीब 65 लाख की लागत से देहरादून में ही कला मुक्तांगन बनवाने की घोषणा की। उनके मुताबिक इस स्थान पर साहित्यक गतिविधियों को अंजाम दिया जा सकेगा। इसके लिए दस लाख रुपये प्रशासन को दिए जा चुके हैं।
http://www.amarujala.com/state/Uttrakhand/25689-2.html