• Welcome to MeraPahad Community Of Uttarakhand Lovers.
 

Mukteshwar Famous Tourist Spot - मुक्तेश्वर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल एव सेव नगरी

Started by एम.एस. मेहता /M S Mehta 9910532720, September 14, 2010, 08:22:38 PM


एम.एस. मेहता /M S Mehta 9910532720

            Image Loading  शिवदर्शन और हिमदर्शन का स्थान मुक्तेश्वर  फिरोज बख्त अहमद
प्रकृति अब बहुत कम स्थानों पर इत्मीनान से पसर कर बैठी है, जहां प्रकृति की ऐसी छटा हो, जिसे देख कर हम इंसान दंग रह जाएं। यहां बात उत्तराखंड में स्थित कुमाऊं क्षेत्र के प्राकृतिक आकर्षण मुक्तेश्वर की हो रही है। मुक्तेश्वर नैनीताल, काठगोदाम और भीमताल के बीच ऐसी सैरगाह है, जहां पहुंच कर ऐसा लगता है मानो हम अंग्रेजी के महान प्रकृति कवि वर्डसवर्थ की कविताओं में जिन घाटियों की चर्चा की गई है, वहां पहुंच गए हैं।
मुक्तेश्वर के रिजॉर्ट्स में ऐसे कमरे हैं, जिनकी खिड़कियां हिमालय पर्वत की ओर खुलती हैं। सुबह सवेरे सूरज की पहली किरण के साथ ही आपको बर्फ से ढंकी हुई हिमालय की सुंदर चोटियां नजर आएंगी। मुक्तेश्वर की सबसे बड़ी विशेषता यहां का भोजन है। चाहे बच्चा हो या बड़ा, उसे मुक्तेश्वर यहां उपलब्ध भोजन के कारण भी पसंद आता है। भोजन में खूबानी, आड़ू, सेब, मौसमी फलों से लेकर नाना प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन होते हैं। यहां के कुछ रिजॉर्ट्स में भोजन कक्षों को इतिहास के पन्नों से पिरोया गया है। मुक्तेश्वर के सभी होटल ऐसे लगते हैं, मानो हम किसी शाही स्थल में भोजन कर रहे हों। लाखों की संख्या में फूलों के गमले से सजा मुक्तेश्वर जन्नत-उल-फिदरैस या 'गार्डन ऑफ ईडन' जैसा नजर आता है। गर्मियों में मुक्तेश्वर रसदार खुबानी, आलू बुखारा एवं आड़ू से भरा होता है। यही नहीं, यहां पर खालिस हर्बल चाय की कई किस्में अर्थात् रोजमेरी, थाइम और ओरिगेनो भी मिलती हैं।
मानसिक शांति के लिए यहां पर आप घंटों चहलकदमी तो कर ही सकते हैं, साथ ही मुक्तेश्वर शिव मंदिर दर्शन के लिए भी जा सकते हैं, जहां शिवलिंग के चारों ओर ब्रह्मा, विष्णु, पार्वती, हनुमान, गणेश एवं नंदी की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इसके अलावा रामगढ़ चौली की जाली भी घूमने जा सकते हैं। यहां से हिमालय दर्शन एवं कैलाश पर्वत भी देख सकते हैं। मुक्तेश्वर से लगभग 25 किमी दूर रामगढ़ की घाटी है, जहां पर कभी रवीन्द्रनाथ टैगोर एवं सामाजिक कार्यकर्ता नारायण स्वामी का आश्रम था। मुक्तेश्वर से आप नैनीताल, अल्मोड़ा, रानीखेत, भवाली, कौसानी, बागेश्वर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, नौकुचिया ताल, भीम ताल, पिथौरागढ़ आदि भी जा सकते हैं। मुक्तेश्वर दिल्ली से 340 किमी, काठगोदाम से 55 किमी, नैनीताल से 45 किमी और भीमताल से 33 किमी दूर है।
मुक्तेश्वर कैसे जाएं
दिल्ली से दूरी: 340 किमी
कार से: 8 घंटे की दूरी।
हापुड़ बाईपास, मुरादाबाद बाईपास, बाजपुर या वाया रामपुर मुक्तेश्वर जा सकते हैं।
रेल से : (1) रानीखेत एक्सप्रेस (10:40 रात को, सवेरे 5:20 काठगोदाम पर)
(2) संपर्क क्रान्ति एक्सप्रेस (4 बजे शाम को चल कर रात 10:40 पर काठगोदाम)
मौसम : सर्दियों में शून्य व उससे नीचे तापमान और बर्फबारी एवं गर्मियों में 15 डिग्री तापमान।

http://www.livehindustan.com/news/lifestyle/lifestylenews/50-50-148434.html