तंबाकू के खिलाफ चलाएंगे जनजागरण अभियान
श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल तम्बाकू के दुष्परिणामों के प्रति जनता को सचेत करने को राउमावि खोला कड़ाकोट के छात्र जनजागरण अभियान चलाएंगे। इसके लिए विद्यालय के छात्रों की टीम गठित की गई है।
इस टीम में दसवीं कक्षा के अरविंद सिंह, दीपक सिंह, दिनेश सिंह, कु. अजीता, आशा, गुड्डी, कक्षा 9 की कु. उत्तरा, सरिता, रक्षा, आरती, कक्षा 8 की कु. पिंकी, किशन सिंह को शामिल किया गया है।
तंबाकू के दुष्परिणाम विषय पर विद्यालय में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य अचलानंद नौटियाल ने कहा कि तम्बाकू के दुष्परिणामों के प्रति अभियान चलाने में छात्र-छात्राओं का प्रभावी योगदान हो सकता है।
छात्र घर-घर जाकर तम्बाकू से सेवन से होने वाली हानियों और रोगों के बारे में बताएं। इसे एक सामाजिक अभियान के रूप में चलाना होगा। शिक्षक सुमित्रानंदन यादव ने कहा कि समाज हित में तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम को सफल बनाना जरूरी है।
तम्बाकू सेवन के प्रति छात्रों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने समीपवर्ती सभी गांवों में यह जनजागरण अभियान व्यापक रूप से चलाने का संकल्प भी लिया। विद्यालय के शिक्षक चिंतामणि उनियाल, रघुराज सिंह, मनोज ममगांई, दुर्गेश सती, सतीश बलूनी, मंगाराम सैनी, हीरा सिंह राणा, अनिल कुशवाहा, राम सिंह, आनंद सिंह ने भी विचार व्यक्त करते हुए तम्बाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया।